अस्पताल में थे माता—पिता, घर पर गैस सिलेंडर में भोजन बना रहे चार नाबालिग बच्चे जले

फिरोजाबाद, 16 जनवरी (हि.स.)। थाना दक्षिण क्षेत्र अन्तर्गत मालवीय नगर में शुक्रवार रात खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने से चार बच्चे जल गए। घर का सामान भी जल गया। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

थाना दक्षिण क्षेत्र के माेहल्ला मालवीय नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी पूनम का आपरेशन हुआ है। जिस कारण धर्मेंद्र अपनी पत्नी के साथ अस्पताल में थे। घर पर उनके चार बच्चे जिनमें अनन्या (15), सूरज (12), काजल (11) व हिमांशु (7) मौजूद थे। बच्चे शुक्रवार रात खाना बना रहे थे तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने से बच्चे आग की लपटों से घिर गए। घर का सामान भी आग की चपेट में आ गया। चीख पुकार मचने पर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया और तत्काल सभी चारों जले हुए बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। जहां उनका उपचार शुरू हुआ। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर परिजनों से वार्ता की है। इधर जानकारी होते हो भाजपा विधायक मनीष असीजा तत्काल अस्पताल पहुंचे और सीएमएस डॉ नवीन जैन को मौके पर बुलाकर बच्चों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए है। एक बच्चे हिमांशु की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उसे आगरा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।

विधायक मनीष असीजा ने बताया कि चार बच्चे आग लगने से झुलसे हैं। बच्चों के अच्छे उपचार के लिए चिकित्सा टीम को निर्देश दिए हैं। परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़