औरैया में यमुना तट के स्नान स्थल व मार्ग बदहाल, दुर्घटना की आशंका
- Admin Admin
- Jan 19, 2026

-एक विचित्र पहल सेवा समिति ने की बैठक
औरैया, 19 जनवरी (हि. स.) उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में यमुना तट पर स्थित स्नान स्थल एवं आवागमन मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से अंत्येष्टि व अनुष्ठानों में शामिल होने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्नान कुंड के समीप गीली मिट्टी जमा होने तथा चबूतरे के क्षतिग्रस्त होने से किसी भी समय दुर्घटना की प्रबल आशंका बनी हुई है।
उक्त समस्याओं को लेकर समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति, औरैया की आवश्यक बैठक यमुना तट स्थित राम झरोखा पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने की। बैठक में यमुना तट की वर्तमान स्थिति एवं उसके समाधान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि समिति द्वारा यमुना तट को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने तथा सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से 8 फरवरी 2015 से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जो वर्तमान में 168वें चरण तक पहुँच चुका है। समिति के प्रयासों से प्रशासनिक एवं जनसहयोग के माध्यम से यमुना तट पर आने वाले लोगों के लिए यथासंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि यमुना तट पर प्रतिदिन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 10 अंत्येष्टियां होती हैं, जिसमें हजारों लोगों का आवागमन रहता है। इसके अतिरिक्त धार्मिक पर्वों पर श्रद्धालु यमुना में स्नान के लिए बड़ी संख्या में पहुँचते हैं। बावजूद इसके, आरती स्थल व स्नान उपरांत महिलाओं के वस्त्र बदलने हेतु किसी सुरक्षित व्यवस्था का अभाव है।
वर्तमान में यमुना तट के समीप एक नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। इसके कारण स्नान कुंड के सामने मार्ग पर गीली मिट्टी का जमाव हो गया है तथा अंदरूनी पानी के रिसाव से स्नान चबूतरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे अंत्येष्टि में आए लोगों को स्नान आदि क्रियाएं करने में भारी परेशानी हो रही है। समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि यमुना तट स्थल का शीघ्र निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त स्नान चबूतरे की मरम्मत कराई जाए तथा मार्ग की जेसीबी मशीन द्वारा साफ-सफाई कराकर दुर्घटना की संभावनाओं को रोका जाए।
बैठक में प्रमुख रूप से राजीव पोरवाल, आनन्द नाथ गुप्ता, समाजसेवी एल.एन. गुप्ता, अजय, सुधीर कुमार, रज्जन बाल्मीकि, सतीश कुमार सहित अनेक यमुना मैया के सेवादार उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार



