भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मोर्चों— प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को दिया लक्ष्य, 2027 की ऐतिहासिक विजय के लिए अभी से जुटें

भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक करते प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व अन्य पदाधिकारीभाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक करते प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व अन्य पदाधिकारी

-पीएम मोदी और सीएम योगी के जनहितैषी कार्यों को लेकर जनता के बीच जायें

-भाजपा के राज्य मुख्यालय लखन में आयोजित की गई बैठक

लखनऊ, 15 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार काे पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के जनहितैषी कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जायें और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत का लक्ष्य लेकर अभी से जुट जायें। बैठक में महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों से संगठन की रीति नीति, संगठन कार्यों की चर्चा की और कहा कि विपक्ष द्वारा जनता में फैलाए जा रहे भ्रम को मिटाने का काम करें।

भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में गुरूवार को पार्टी के मोर्चो, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक और सहसंयोजकों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मार्गदर्शन किया जबकि संचालन विभाग-प्रकोष्ठों के प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।

माेर्चा व प्रकाेष्ठाें के पदाधिकारियाें की भूमिका महत्वपूर्ण

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विभाग और प्रकोष्ठों में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर दायित्व समान रूप से महत्वपूर्ण होता है। कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के बल पर पार्टी और समाज में अपनी विशिष्ठ पहचान बनाता है। उन्हाेंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में विभागों और प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका होती है। इनके माध्यम से विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों और वर्गों में काम करने वाले लोगों को पार्टी से जोड़ा जाता है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होता है।

माेदी -याेगी के नेतृत्व में हाे रहें अभूतपूर्व कार्य

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण, गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किए हैं। आज देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और यह परिवर्तन भाजपा सरकार की नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।

2027 में ऐतिहासिक विजय का लक्ष्य

पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को संपर्क, संवाद और सेवा के भाव के साथ जनता के बीच जाकर कार्य करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि हमें 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक विजय के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाना है। संगठन ने जो भी दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है।

विपक्ष के भ्रम का जवाब दें पदाधिकारी-कार्यकर्ता

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का जागरूक और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता विपक्ष के हर झूठ को तथ्यों और सच्चाई के साथ बेनकाब करेगा। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता-आधारित और विचारधारा-प्रधान संगठन है। पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित, समर्पित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में संगठन के लिए खड़ा रहता है।

संगठन के अनुसार जनहित के कार्य करें कार्यकर्ता

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इन्हीं के माध्यम से पार्टी की नीतियां, सरकार की योजनाएं और संगठन का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है। संगठन की मजबूती का आधार यही इकाइयां हैं, जो निरंतर संपर्क, संवाद और सेवा के माध्यम से जनविश्वास को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह संगठन की योजनानुसार जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए तथा सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं। इससे संगठन और समाज के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह