बेहतर पर्यावरण देकर आने वाली पीढ़ी को दें उपहार : अंगद कुमार सिंह
- Admin Admin
- Jan 17, 2026
बाराबंकी, 17 जनवरी (हि.स.)। सकारात्मक सोच के साथ स्वस्थ जीवन की राह बिना स्वच्छ पर्यावरण के संभव नहीं हो सकती। पर्यावरण के लिए हमारा योगदान निश्चित रूप से हमारी आने वाली पीढ़ी को हमारा उपहार एवं दायित्व है। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग हम सभी को बेहतर पर्यावरण के लिए बिल्कुल बन्द करना होगा। यह विचार सदस्य विधान परिषद एवं मुख्य अतिथि अंगद कुमार सिंह ने जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में शनिवार काे राजकीय जिला पुस्तकालय बाराबंकी में आयोजित स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन के लिए वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम में व्यक्त किए।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद कुमार सिंह, डीआईओएस ओ. पी. त्रिपाठी, डॉ सुधीर वर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ पूनम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। जिला विद्यालय निरीक्षक ओ. पी. त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवन शैली की कमी से अनेक रोग हो रहे हैं। विद्यार्थियों को विशेष रूप से अच्छे स्वास्थ्य के लिए आदतों में विकास करना चाहिए। सस्टेनेबल डेवलपमेंट की अवधारणा को भी उन्होंने समझाया।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक आशीष पाठक ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ई वेस्ट के समुचित निस्तारण की बात समझाई। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सिंह ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार एवं उचित नींद की बात समझाई। साथ ही स्वस्थ रहने के लिए मिलेट्स के उपयोग के बारे में बच्चों को जानकारी दी।
विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रख्यात सर्जन डॉ सुधीर वर्मा ने हाथ धोने के सही तरीक़े को 'सुमन-के' द्वारा विस्तृत रूप में प्रदर्शित किया। साथ ही पर्यवारण संरक्षण के लिए रिड्यूस, रीयूज़ एवं रिसायकल के सिद्धांत को भी समझाया। पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ पूनम सिंह ने छात्राओं के स्वास्थ्य सम्बन्धी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की तथा जंक फूड से होने वाली हानि की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में लगभग 90 विद्यार्थियों तथा पोस्टर प्रतियोगिता में लगभग 25 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मण्डल के सदस्यों कृत वर्मा, रणविजय, ममता पाण्डेय, सीमा, सदफ इमरोज़ के निर्णय के आधार पर पीएम राजकीय इण्टर कालेज के छात्रों आनन्द, वैदिक, मो. सईद, शरद, हरिकेश, सिराज, कुंदन, जमील उर रहमान बालिका इंटर काॅलेज की छात्राओं आयुषी, रुश्दा, मोहिनी को क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तथा समीरुल निशा, सईमा सना, क्रिसका शर्मा, लक्ष्मी यादव, डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की रजनी को पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र तथा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक नलिन श्रीवास्तव, नीलम देवी, गौतम चौधरी सहित लगभग 250 विद्यार्थी उपस्थिति रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी



