(अपडेट) पैतृक संपत्ति के विवाद में सौतेले बेटे ने मां और भाई काे माैत के घाट उतारा
- Admin Admin
- Jan 13, 2026

मीरजापुर, 13 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर सौतेले बेटे ने अपनी मां और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आराेपित काे गिरफ्तार कर लिया।
मड़िहान कस्बा निवासी राहुल गुप्ता का अपने पिता की मौत के बाद से ही सौतेली मां ऊषा गुप्ता (55) और सौतेले भाई आयुष गुप्ता (30) से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। सभी एक ही मकान में पार्टिशन कर अलग-अलग रहते थे। मंगलवार की भोर, जब घर में सन्नाटा पसरा हुआ था और दोनों गहरी नींद में थे, तभी राहुल ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर पहले भाई आयुष और फिर मां ऊषा की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित ने अपराध छिपाने की नीयत से शवों को ट्रैक्टर पर लादकर ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। मड़िहान तिराहे के पास पहुंचते ही आयुष का शव ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। आरोपित ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और सौतेली मां के शव को लेकर बंदइया गांव के पास स्थित घाघर नहर में फेंक दिया। इसके बाद वह घर लौट आया।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने मड़िहान तिराहे पर शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने घर से भागने की कोशिश कर रहे आरोपित राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसने सौतेली मां और भाई की हत्या की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार किलोमीटर दूर घाघर नहर से ऊषा गुप्ता का शव बरामद कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्र ने बताया कि मृतक परिवार की पृष्ठभूमि काफी जटिल रही है। राहुल गुप्ता अपने पिता प्रेमचंद गुप्ता की पहली पत्नी से जन्मा था, जबकि ऊषा गुप्ता से दूसरी शादी के बाद आयुष सहित अन्य संतानें हुईं। प्रेमचंद की दो वर्ष पूर्व मृत्यु के बाद से ही चल-अचल संपत्ति, ठेकेदारी की जमा राशि और पारिवारिक रजिस्टर में नाम को लेकर विवाद गहराता चला गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद ही हत्या का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर आराेपित के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा



