पुलिस ने पकड़ी नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 40 लाख की चरस, दो अन्तर्राष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
- Admin Admin
- Jan 15, 2026
फिरोजाबाद, 15 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले में थाना रसूलपुर व एएनटीएफ आगरा की टीम ने गुरुवार को संयुक्त कार्यवाही करते हुए दो अन्तर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 05 किलो 753 ग्राम मादक पदार्थ (चरस) बरामद की है। उसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रूपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि नारकोटिक्स पदार्थो की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार व ए.एन.टी. एफ यूनिट आगरा जोन आगरा ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नेपाल से चरस लेकर फिरोजाबाद आ रहे अन्तर्राष्ट्रीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय सहनी पुत्र स्व. दुखी सहनी व सूरज कुमार पुत्र शिवपूजन दास निवासीगण ग्राम बेरिया डीह थाना हर्षिदी जिला मोतिहारी पूर्वी चम्पारन बिहार हैं। इन्हें बरी चौराहा थाना क्षेत्र रसूलपुर के पास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से 05 किलो 753 ग्राम मादक पदार्थ चरस बरामद की है।
अभियुक्तगण ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि य़ह मादक पदार्थ उनके नेपाल के रहने वाले शेषनाथ मास्टर साहब द्वारा फतेहाबाद रोड पर नगला बरी चौराहे पर देने के लिये भेजी थी। जिसकी सूचना शेषनाथ मास्टर साहब हमें फोन से देने वाले थे। इससे यह माल फुटकर में बिक्री हो जाता। एएसपी ने बताया कि बताया कि बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। अभियुक्तगण अन्तर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के सदस्य हैं। यह नेपाल से सस्ते दाम में चरस खरीदकर 4-5 गुना महंगे दर पर बेचते थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़



