औरैया : जिलाधिकारी ने असहायों को बांटे कम्बल

औरैया, 12 दिसम्बर (हि. स.)। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सर्दी काे ध्यान में रखते हुए शुक्रवार काे कलेक्ट्रेट परिसर में असहाय व निराश्रित व्यक्तियों को कम्बल वितरित कर जिले में कम्बल वितरण अभियान की शुरुआत की। यह कम्बल गेल (इंडिया) लिमिटेड पाता द्वारा सीएसआर कार्यक्रम 2025-26 के तहत उपलब्ध कराए गए हैं। कुल एक हजार कम्बल प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कुछ का सांकेतिक वितरण स्वयं जिलाधिकारी ने किया।

विशेष बात यह रही कि ये कम्बल जिले की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों—सहेली, मुस्कान, लक्ष्य और विजयलक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह से क्रय किए गए, जिससे महिला स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिला।

जिलाधिकारी ने आत्माराम, रामशरन (बहादुरपुर), नरोत्तम सिंह (सिकौला) और राजरानी (पूर्वा हरवंस) को कम्बल प्रदान किए। साथ ही आपदा लिपिक को निर्देश दिया कि प्राप्त कम्बल आवश्यकतानुसार तहसीलों को उपलब्ध कराए जाएं और पात्रता के आधार पर पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, गेल के मुख्य महाप्रबंधक एचआर बसंत कुमार कुल्लू, जीएम एचआर शांतनु मित्रा, सीएम सीएसआर नवीन कुमार, चक्रीय विकास प्रणाली संस्थान के प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव, श्याम पांडेय सहित कर्मचारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार