मणिकर्णिका घाट पर श्रीमद् भागवत कथा में अमर चैतन्य महाराज ने बताए भक्ति के रहस्य
- Admin Admin
- Jan 18, 2026
वाराणसी, 18 जनवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में मणिकर्णिका घाट स्थित नरसिंह मठ में सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में रविवार को व्यास पीठ से व्याकरण वेदांताचार्य डॉ अमर चैतन्य महाराज ने भक्ति का रहस्य बताया। उन्होंने कहा कि गुरु विद्या को प्रकाशित करता है। जब गुरु की कृपा होती है तो उस पर भगवान भी कृपा करते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस घर में हवन और पूजन होता है वह घर पवित्र होता है। जो धार्मिक कार्य में सहायता करते हैं, प्रेरणा देते हैं, वह समान रूप से पुण्य के भागी होते हैं। जो दया करते हैं उन्हें भजन करने की आवश्यकता नहीं है। ब्रह्म को जानने वाला साक्षात परम ब्रह्म होता है। महापुरुष के चरणों की धूल से ब्रह्म ज्ञान की प्राप्ति होती है। मंत्रों को सिद्ध करने के कारण नरसिंह मठ सिद्ध पीठ हुआ, आज भी यहां वेद की ऋचाएं समस्त सृष्टि का कल्याण करती हैं।
इससे पहले कथा का प्रारंभ वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। कथा के मुख्य यजमान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ओंकारेश्वर नगर के पूर्व संघचालक एवं वेद नगरी काशी के विजय चौधरी और उनकी धर्मपत्नी हेमा चौधरी ने उदघोष किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद



