प्रो. रविन्द्र कुमार द्विवेदी बने मीरजापुर केबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य
- Admin Admin
- Dec 27, 2025
मीरजापुर, 27 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के केबीपीजी कॉलेज को प्राेफेसर रविन्द्र कुमार द्विवेदी के रुप में नया प्राचार्य मिल गया है। उत्तर प्रदेश सहायता प्राप्त महाविद्यालय अध्यापक स्थानांतरण नियमावली, 2024 के तहत एकल स्थानांतरण के क्रम में उन्हें नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे वाराणसी के बलदेव पीजी कॉलेज के प्राचार्य पद पर कार्यरत थे।
उल्लेखनीय है कि शासन के आदेश पर निदेशक उच्च शिक्षा, प्रयागराज की ओर से अगस्त माह में तत्कालीन प्राचार्य प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह का स्थानांतरण जीडी बिनानी पीजी कॉलेज, मीरजापुर कर दिया गया था। इसके बाद से केबीपीजी कॉलेज में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर गौरीशंकर द्विवेदी कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में दायित्वाें का निर्वाहन कर रहे थे।
शासन ने अब काॅलेज में स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति प्रोफेसर रविन्द्र कुमार द्विवेदी के रुप में कर दी है। प्राे. रविन्द्र का केबीपीजी कॉलेज से पुराना नाता भी रहा है। वे यहां पर पूर्व में राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2021 में उन्हें बलदेव पीजी कॉलेज वाराणसी का प्राचार्य नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति से महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र समुदाय ने शनिवार काे उनके आगमन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा



