अटल जी का संपूर्ण राजनीतिक जीवन देश हित में समर्पित रहा : सुभाष यदुवंश
- Admin Admin
- Dec 31, 2025
मुरादाबाद, 31 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के तत्वावधान में बुधवार को बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर देहात विधानसभा 27 का अटल स्मृति सम्मेलन एवं संगठात्मक बैठक की गयी। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता व मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण राजनीतिक जीवन देश हित में समर्पित रहा। अटल जी स्वच्छ राजनीति के पुरोधा थे। आज के राजनेताओं को उनसे सीख लेने की जरूरत है। अटल जी एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेता, प्रखर राजनीतिज्ञ, नि:स्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता, सशक्त वक्ता, कवि, साहित्यकार, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व वाले व्यक्ति के धनी थे। भाजपा में एक उदार चेहरे के रूप में उनकी पहचान थी।
सुभाष यदुवंश ने आगे कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन के माध्यम से राजनीति को सेवा का जरिया बनाने की सीख दी। राजनीति सत्ता का साधन नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम होनी चाहिए। पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं आदर्शों और विचारों पर चलते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम कर रही है। शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है।
विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. केके मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर महापौर विनोद अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, प्रांतीय परिषद सदस्य निमित जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, पूर्व सांसद वीर सिंह, पार्षद दल के नेता सुरेंद्र विश्नोई, विशाल त्यागी, नत्थूराम कश्यप, दिनेश शीर्षवाल, दिनेश सिसोदिया, सुनीता शर्मा, शमी भटनागर, धर्मेंद्र नाथ मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



