गोद ली नाबालिग बेटी से दुष्कर्म,आरोपित पिता गिरफ्तार

फिरोजाबाद, 12 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में थाना लाइनपार पुलिस ने सोमवार को गोद ली गई बेटी से दुष्कर्म के आरोपित पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेजा है।

थानाध्यक्ष लाइनपार रमित कुमार आर्य ने बताया कि थाना क्षेत्र अन्तर्गत गोद ली गई एक आठ वर्षीय बालिका से उसके पिता ने दुष्कर्म किया था। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। बच्ची की मां ने रविवार को पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर गुजारा कर रही है। उस पर कोई बेटी नहीं थी। बेटी के हाथ पीले करने का अरमान पूरा करने के लिए उसने आठ वर्ष पूर्व अपने भाई की एक दिन की बेटी को गोद लिया था। आठ दिन पूर्व बेटी घर पर अकेली थी, तभी उसके पति शाहिद ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने आज आरोपित को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़