मुरादाबाद में एसआईआर : 1.65 लाख मतदाता अन्यत्र शिफ्ट, 95 हजार मतदाताओं की नहीं जानकारी
- Admin Admin
- Dec 11, 2025
-फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हुए, लापता, मृत मतदाताओं की मिलेगी जानकारी : उप जिला निर्वाचन अधिकारी
मुरादाबाद, 12 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान का आज अंतिम दिन है। बीएलओ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले के 1 लाख 65 हजार मतदाता दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो गए हैं वहीं करीब 95 हजार वोटरों के बारे में कोई जानकारी ही नहीं हो सकी। इस अभियान में अभी तक 52 हजार मतदाताओं के मृत होने की बात सामने आई है जबकि 50 हजार मतदाताओं के डबल वोट है। 10 हजार से अधिक मतदाता गणना फार्म जमा नहीं कर रहे हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम ने गुरुवार सुबह बताया कि एक भी पात्र मतदाता वंचित न रह जाए, इसके लिए बीएलओ राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से समन्वय कर फिर से सत्यापन कर रहे हैं। जिससे जो जीवित हो, यहीं रह रहे हों, शिफ्ट न किये हो और चूकवश इस सूची में आए हो। उनको गणना-पत्र उपलब्ध कराकर फार्म भराना सुनिश्चित कराया गया है। फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हुए, लापता, मृत मतदाताओं की कुल संख्या पर मुहर लगेगी।
जिले में कुल 24,59,455 मतदाता हैं। गुरुवार सुबह तक 20,87,455 मतदाताओं का डाटा डिजिटलाइज्ड हो गया है। इनके द्वारा गणना पत्र भर कर समय से जमा कर दिया और सभी फार्मों की आनलाइन फीडिंग भी कर ली गई। 3,72,000 मतदाताओं के गणना पत्र शेष बचे हैं। इन 3,72,000 मतदाताओं में उनके नाम शामिल हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या कहीं अन्य स्थान पर शिफ्ट हो गए है, या डुप्लीकेट वोट हैं, या इनके द्वारा फार्म गणना जमा नहीं किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



