उप्र के दुद्धी विधायक विजय सिंह गोंड का निधन,पीजीआई लखनऊ में ली अंतिम सांस
- Admin Admin
- Jan 08, 2026
लखनऊ/सोनभद्र, 08 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार काे निधन हो गया। वे वर्ष 2024 के विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार काे हराकर विधायक निर्वाचित हुए थे। उनका निधन सपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
दुद्धी विधानसभा से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लखनऊ के एसजीपीजीआई में इलाज चल रहा था। वे लंबे समय से बीमार थे, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि समाजवादी पार्टी (सपा)की स्थानीय विधानसभा इकाई के अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की है।
उत्तर प्रदेश की 403वीं अंतिम विधानसभा सीट दुद्धी के आदिवासी राजनीति के पुरोधा कहे जाने वाले विजय सिंह गोंड के निधन से पूरे सोनभद्र और आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। उनकी राजनीतिक पारी की बात करें तो वे सबसे पहले 1979 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद वे लगातार समाज सेवा में सक्रिय होकर अपने को लोकप्रिय बनाया और आठ बार विधायक चुने गए। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता विजय सिंह गोंड ने विधानसभा में आदिवासी समाज के अधिकारों को उठाया और समाज को मुख्यधारा में लाने का सराहनीय कार्य किया। विजय सिंह गोंड के निधन से राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह



