(अपडेट) दिवंगत सपा विधायक विजय सिंह गोंड का कनहर नदी किनारे हाेगा अंतिम संस्कार

सोनभद्र, 08 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सबसे आख़िरी छोर पर स्थित विधान सभा क्षेत्र 403 दुद्धी से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक विजय सिंह गोंड के निधन की सूचना मिलते ही पूरे साेनभद्र क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

श्री गोंड के निधन की पुष्टि विधानसभा दुद्धी क्षेत्र के सपा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने किया। दुद्धी क्षेत्र से 8 बार के विधायक 71 वर्षीय श्री गोंड लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी दोनों किडनियां काम करना बंद कर चुकी थीं और उनका एसजीपीजीआई लखनऊ में लंबे समय से इलाज चल रहा था। श्री गोंड वर्ष 2024 में हुए उपचुनाव में विधायक निर्वाचित हुए थे। उक्त उपचुनाव उस समय के विधायक रामदुलार गोंड को एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में 25 वर्ष की सजा होने के कारण हुआ था, जिसमें विजय सिंह गोंड सपा प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए थे।

अपने लंबे राजनैतिक जीवन में विजय सिंह गोंड पहली बार 1980 में कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी के रूप में दुद्धी विधान सभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उसके बाद 1985 में कांग्रेस से 1989 में निर्दलीय, 1991 व 1993 में जनता दल, 1996 तथा 2002 में सपा के टिकट पर लगातार चुनाव जीते। तत्कालीन मुलायम सिंह यादव की सरकार में गोंड को राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। यद्यपि मोदी लहर में 2017 और 2022 में उन्हें हार का सामना

करना पड़ा था।

विजय सिंह गोंड केवल जिला नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर आदिवासी समाज के नेता माने जाते थे तथा समय समय पर आदिवासियों के हितों के लिए कार्य करते रहते थे। उन्हें आमजन का नेता माना जाता था।

सपा नेता अवध नारायण यादव ने बताया कि गुरुवार शाम तक श्री गोंड का शव दुद्धी पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया की दाह संस्कार आदि का कार्य दुद्धी में ही कनहर नदी के किनारे किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी