खतौनियों की त्रुटियां दुरुस्त करने को 16 जनवरी से 15 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान : डीएम

कानपुर, 15 जनवरी (हि.स.)। खतौनियों में खातेदारों और सह-खातेदारों के गाटों के अंश निर्धारण में हुई त्रुटियों और लोप के मामलों को दुरुस्त करने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 16 जनवरी से 15 मार्च तक संचालित होगा और रोस्टर के अनुसार तय तिथियों पर प्रत्येक तहसील में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी की जाएगी। यह जानकारी गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व परिषद के निर्देशानुसार अभियान को छह चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में 16 से 22 जनवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय लेखपाल भू-प्रबंधन समिति और ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में खातेदारों व सह-खातेदारों के गाटों का अंश पढ़कर सुनाएंगे। दूसरा चरण 23 जनवरी से सात फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्राप्त आपत्तियों के आधार पर लेखपाल द्वारा अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

तीसरे चरण में आठ फरवरी से 22 फरवरी तक राजस्व निरीक्षक स्तर पर जांच और संस्तुति की कार्रवाई की जाएगी।

चौथा चरण 23 फरवरी से चार मार्च तक निर्धारित किया गया है, जिसमें तहसीलदार स्तर पर परीक्षण कर विवादित प्रकरणों में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

पांचवां चरण पांच मार्च से 11 मार्च तक चलेगा, जिसमें स्वीकृत मामलों में संशोधन आदेश जारी किए जाएंगे।

अंतिम चरण 12 मार्च से 15 मार्च तक रखा गया है, जिसके तहत संशोधन आदेशों के अनुसार खतौनी में प्रविष्टि कराकर अभियान का समापन किया जाएगा।

सभी प्रकरण भूलेख खतौनी अशुद्धि सुधार पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे। न्यायालयों से सम्बंधित आदेशों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे खातेदार निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपस्थित हो सकें।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रोस्टर के अनुसार समयबद्ध ढंग से अभियान चलाकर अंश निर्धारण से जुड़ी सभी त्रुटियों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और तय समय-सीमा में कार्यवाही पूरी न होने पर सम्बंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप