पीडीए पंचांग में सबको जोड़ने का काम किया गया —संजय मिश्रा
- Admin Admin
- Jan 11, 2026
प्रेस वार्ता में बोले— समाजवादी पार्टी में ब्राह्मणों का पूरा सम्मान है
वाराणसी, 11 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के पीडीए पंचांग के समर्थन में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पार्टी के कई ब्राह्मण नेता भी खुलकर सामने आए हैं। सपा के विशेष आमंत्रित सदस्य संजय मिश्रा ने रविवार को गोलघर मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पीडीए पंचांग का समर्थन करते हुए इसे हर समाज और हर घर तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसे हर समाज व हर घर-घर में पहुंचाने की पुरजोर वकालत की। संजय मिश्रा ने दावा किया कि जितना सम्मान समाजवादी पार्टी में ब्राह्मणों का है और किसी भी पार्टी दल में नहीं है।
उन्होंने बताया कि 03 जनवरी 2026 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पीडीए पंचांग का विमोचन किया था। संजय मिश्रा ने कहा कि पीडीए पंचांग में किसी महापुरुष, ग्रह-नक्षत्र, तीज-त्योहार या ऐतिहासिक दिनों को हटाने का काम नहीं किया गया है। बल्कि सबको जोड़ने का काम किया गया है। वार्ता में समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ई. वैभव पाठक, समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा (आर.डी.), जिला पंचायत सदस्य सिकन्दर मिश्रा, जिला सचिव गोपाल पाण्डेय एवं समाजवादी प्रबुद्ध सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी



