देसंविवि के सातवें दीक्षांत समारोह में 1379 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां

हरिद्वार, 19 जनवरी (हि.स.)। गंगातट पर हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के सातवें समावर्तन समारोह में मुख्य अतिथि जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि गायत्री परिवार ने बीते दशकों में युग चेतना को जगाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकार एवं कर्त्तव्यो के प्रति जाग्रत करने वाला एक व्यापक सांस्कृतिक अभियान है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार ने नर-नारी समानता को व्यवहार में उतारते हुए महिलाओं को आत्मसम्मान, शिक्षा और नेतृत्व का अवसर प्रदान कर रहा है। साथ ही छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, समाज में एकता-समता की भावना के विस्तार तथा मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना में भी इसकी भूमिका अत्यंत प्रभावशाली रही है।

इस अवसर पर समारोह के अध्यक्ष देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आज की शिक्षा का लक्ष्य केवल बाहर की चुनौतियों से जूझना नहीं, बल्कि भीतर की सुप्त चेतना को जगाना है। बाहर की आग को बुझाना और अंदर की आग-सेवा, सद्भाव और राष्ट्रभाव को प्रज्वलित करना ही सच्ची दीक्षा है। यदि युवा अपनी शिक्षा को सेवा, संस्कार और साधना से जोड़ दें, तो वे न केवल अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं, बल्कि राष्ट्र और मानवता के उत्थान में भी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए एक नई शुरुआत, नई जिम्मेदारी और नए संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया, जहाँ शिक्षा को जीवन निर्माण की प्रक्रिया के रूप में देखने का संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर आया।

इस दौरान हाउस आफ लार्ड लंदन के सदस्य लार्ड कृष रावल ने कहा कि देसंविवि शैक्षणिक संस्थान के साथ ही एक आध्यात्मिक सांस्कृतिक अभियान के रूप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार कार्य किया है। हाउस आफ लार्ड लंदन के सदस्य लार्ड मेंल्डसन ने कहा कि लंदन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सम्पूर्ण गायत्री परिवार अपनी शुभेच्छा भेजी है।

इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि, स्वामी राम हिमालयन विवि के विवि कुलपति डॉ विजय धस्माना, डॉ अजय तिवारी, डॉ फिरोज मिस्त्री, डॉ जहान मिस्त्री, डॉ शोभित माथुर, डॉ दिनेश शास्त्री, डॉ सतीश कुमार शर्मा, पौलैण्ड स्थित भारत के राजदूत श्री कार्तिकेय जौहरी सहित विश्व के 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विवि टॉपर

वर्ष 2023 के श्रेया सिंह, वर्ष 2024 के शीतल कक्कड, 2025 के उपासना शर्मा, तो वहीं 2022-23 में 29 विद्यार्थियों नें गोल्ड मेडल प्राप्त किया। 2023-24 में 31 छात्र-छात्राओं ने, 2024-25 में 29 युवाओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। वहीं किरन, सविता, रविन्द्र बालोदिया, आशीष कुमार, दिलीप सराह, प्रज्ञा श्रीवास्तव, विपिन पुनीयाल, लालिमा बाथम, शिल्पी वर्मा, विद्या सिंह, वंदना कुमारी, श्रद्धांजलि त्रिपाठी, दिवाकर शर्मा, टिकेश्वर बिसेन, महेन्द्र प्रताप सिंह राणा, रजत पाण्डेय सहित 40 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियां दी है। उन्हें हिन्दी, योग विज्ञान एवं मानव चेतना, प्राच्य अध्ययन, इतिहास एवं भारतीय संस्कृति, मनोविज्ञान, भारतीय शास्त्रीय संगीत, शिक्षा शास्त्र, पत्रकारिता, कम्प्यूटर विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर शोध पूरा होने पर डॉक्टरेट की उपाधियां दी गयीं। समारोह में कुल 1379 विद्यार्थियों को डिप्लोमा, स्नातक, परास्तानक व डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की गयी।

उन्हें भारत और भारतीय संस्कृति के उद्घोष के संकल्प के साथ विदाई को उपाधियां दी गयी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला