उत्तरकाशी के जंगलों में भड़की  आग

उत्तरकाशी, 12 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के सबसे सघन वनों में से उत्तरकाशी के जंगलों में भड़की आग से यहां के वनों की इस बार सामत आ गई है। हालत इतने खराब है कि गंगा -यमुना घाटी से लेकर हिमाचल की सीमा से सटे गोविंद वन्य जीव एवं टोंस वन प्रभाग के जंगलों में आग फैली है।

गौरतलब है कि जिले में लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने से सूखे की स्थिति बनी हुई है, जिससे यहां गंगा , यमुना और टोंस वन प्रभाग के जंगलों में एक बार फिर वनाग्नि की चपेट में आ गए हैं।

बीते चार दिनों से जिला मुख्यालय से सटे मुखेम रेंज , टकनौर, डुंडा, धरासू , यमुना वन प्रभाग समेत टोंस वन प्रभाग के जंगल में आग की चपेट में आ रहा है जिससे जंगल धू-धूकर कर जलता रहा। सूचना पर वन कर्मी जंगलों में लगी आग को बुझाने में जुटे लेकिन प्रकृति के आगे वन विभाग भी बेबस हैं।

हालात इतने खराब है कि जिन उच्च पहाड़ियों पर इन दिनों बर्फ की सफेद चादर होती थी वहां धुंआ- धुंआ

दिखाई दे रहा है। आग के अंगारों से बचने के लिए अब वन्य जीव भी उच्च हिमालय की ओर भाग रहे हैं।

वन विभाग का कहना है कि सर्दियों में बारिश और बर्फबारी न होने से ये हालत बिगड़े हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल