जीआरपी जवान की मौत, बैरक में फंदे से लटका मिला शव

चंपावत, 09 जनवरी (हि.स.)। चम्पावत में रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे बैरक के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सिमलटुकरा, बाराकोट निवासी 27 वर्षीय प्रकाश सिंह बोहरा पुत्र नारायण सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह 8 जनवरी को दिन की ड्यूटी के बाद शाम को बैरक लौटे थे। देर रात एएसआई कैलाश नाथ ने उन्हें पंखे के कुंडे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों और परिजनों को दी गई।

घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक छोटे बच्चे को छोड़ गए हैं।

जवान की असामयिक मौत से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी