उत्तराखण्ड के आरक्षी किशन सिंह का विदेश मंत्रालय में प्रतिनियुक्त पर चयन

देहरादून, 08 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखण्ड पुलिस के आरक्षी किशन सिंह का चयन विदेश मंत्रालय में सुरक्षा सहायक के पद प्रतिनियुक्त पर हुआ है। आरक्षी किशन इस समय नैनीताल जिले में नियुक्त हैं।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने आरक्षी किशन सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह चयन उत्तराखण्ड पुलिस के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आरक्षी किशन सिंह अपने नवीन दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते हुए भारत सरकार तथा उत्तराखण्ड पुलिस की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करेंगे।

जानकारी के अनुसार आरक्षी किशन सिंह का विदेश मंत्रालय में अधिकतम 4 वर्ष की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति के लिए चयनित किया गया है। यह चयन उनके अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ एवं उत्कृष्ट सेवाभाव का परिणाम है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल