ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी अर्जुन पुरी को दी भू- समाधि
- Admin Admin
- Jan 19, 2026
हरिद्वार, 19 जनवरी (हि.स.)। श्री पंचदस नाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं तुलसी मानस मंदिर भूपत वाला हरिद्वार के परमाध्यक्ष रहे ब्रह्मलीन स्वामी अर्जुन पुरी महाराज को आज अंतिम शोभायात्रा निकालने के बाद उनके आश्रम तुलसी मानस मंदिर के परिसर में भू समाधि दी गई।
इस अवसर पर बड़ी तादाद में साधु संत उपस्थित रहे। सभी साधु संतों ने महामंडलेश्वर स्वामी अर्जुन पुरी महाराज के शव पर चादर चढ़ाकर और पुष्प माला अर्पित कर उन्हें भावभीनी अंतिम विदाई दी। विगत दिवस उनका शव उनके आश्रम में साधु संतों और श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया था। आज सुबह अंतिम यात्रा आश्रम से शुरू हुई और भूपत वाला क्षेत्र से होती हुई वापस उनके आश्रम में समाप्त हुई जहां उन्हें श्रद्धा भाव से भू समाधि दी गई। इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज,श्री जय राम आश्रम के पीठाधीश्वर ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी, सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रामरतन गिरी, निर्मल पंचायती अखाड़ा के कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री, श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा के कोठारी महंत राघवेंद्र दास, महंत गोविंद दास, महामंडलेश्वर हरि चेतनानंद महाराज, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश महाराज आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



