सरिया उद्योग में हादसा, दो कामगारों की मौत

ऊना, 29 दिसंबर (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक सरिया उद्योग में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में दो कामगारों की मौत हो गई जबकि तीन कामगार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उद्योग में स्थापित सरिया उठाने वाली क्रेन के पचास फुट नीचे गिर जाने के चलते हुआ। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया जबकि उद्योग प्रबंधन बेहतर उपचार के लिए उन्हें होशियारपुर के एक निजी अस्पताल ले गया।

औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित सरिया उद्योग में रोजमर्रा की तरह प्लांट उत्पादन में था और कामगार अपने-अपने काम पर लगे हुए थे। इसी बीच पचास फुट उंचाई पर स्थापित एक क्रेन दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गई। क्रेन पर इसका आपरेटर भी सवार था जबकि नीचे कुछ कामगार काम में लगे हुए थे। देखते ही देखते प्लांट में अफरा-तफरी फैल गई। जब तक कोई संभल पाता तब तक क्रेन आपटेर सहित दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि तीन कामगार घायल हो गए थे। उद्योग प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सिविल अस्पताल गगरेट शिफ्ट किया। यहां खंड चिकित्सा अधिकारी डा. पंकज पराशर के नेतृत्व में डाक्टरों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की लेकिन जांच के दौरान दो कामगार मृत लाए गए पाए गए जबकि तीन गंभीर रूप से घायल थे। जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवा कर अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया जबकि उद्योग प्रबंधन बेहतर उपचार के लिए उन्हें होशियारपुर के निजी अस्पताल में ले गया।

मृतकों की पहचान चालीस वर्षीय संबू मुशार जोकि मूलरूप से बिहार का निवासी है और 35 वर्षीय मुन्ना के रूप में हुई है। घायलों में 23 वर्षीय रवि पुत्र हंसराज निवासी देहरा (कांगड़ा), पचास वर्षीय भाग सिंह निवासी सरियाला, हाजीपुर (होशियारपुर) व तीस वर्षीय बलजीत सिंह निवासी बढेड़ा, हरोली के रूप में हुई है।

एसपी अमित यादव ने भी घटनास्थल का दौरा किया है और दुर्घटना के कारणों की सघन जांच के आदेश गगरेट पुलिस को दिए हैं। एसपी अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने उद्योग प्रबंधन के विरुद्ध लापरवाही से जान जाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल