मताधिकार और मनरेगा पर हमला, कांग्रेस देगी जवाब : सांसद किशोरी लाल शर्मा

कानपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी तानाशाही रवैया अपना रही है। मनरेगा के कानूनी अस्तित्व को समाप्त कर इसे मात्र एक योजना बनाने की साजिश रची जा रही है। साथ ही एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटने का षड्यंत्र किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस उसके इन नापाक मंसूबों को किसी भी सूरत में पूरा नहीं होने देगी। यह बातें सोमवार को जनपद पहुंचे अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कही।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन है और इसी अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने चुनावी वर्ष में अगले 100 दिनों की कार्ययोजना घोषित की है। इस अभियान के तहत राहुल गांधी भाजपा सरकार द्वारा संविधान बदलने के कुत्सित प्रयासों के खिलाफ देश और लोकतंत्र के हित में संघर्ष कर रहे हैं। अगले 100 दिनों में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतों के माध्यम से योगी सरकार की विफलताओं को जनता के समक्ष उजागर करेगी।

सांसद ने बताया कि संविधान संवाद महापंचायत की शुरुआत 24 जनवरी को जनपद सीतापुर से की जाएगी। इसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में बड़ी महापंचायतों का आयोजन होगा।

मनरेगा बचाओ संग्राम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए-1 सरकार ने 2 फरवरी 2006 को ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक नरेगा अधिनियम लागू किया था। इस योजना ने ग्रामीण गरीबों को रोजगार का कानूनी अधिकार दिया और महिला सशक्तीकरण में भी अहम भूमिका निभाई। चाहे आर्थिक मंदी का दौर हो या कोविड जैसी महामारी, मनरेगा योजना ग्रामीण भारत के लिए संजीवनी साबित हुई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बचाने के लिए जनआंदोलन किया जाएगा। मजदूरों और ग्राम सभा के अधिकारों के लिए कांग्रेस वचनबद्ध है तथा मनरेगा मजदूरी न्यूनतम 400 रुपये किए जाने का वादा करती है। पार्टी द्वारा एसआईआर कार्य की निगरानी के लिए सांसदों, पूर्व सांसदों और विधायकों की मॉनिटरिंग कमेटी गठित की गई है। इसके माध्यम से एक माह के भीतर कटे, छूटे और नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे। बूथ स्तर पर 1600 एसआईआर कोऑर्डिनेटर पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस पार्टी संगठन सृजन अभियान के तहत पूरी तैयारी कर चुकी है और यह चुनाव अकेले पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। कांग्रेस स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 28 दिसंबर 2026 तक सभी मंडल मुख्यालयों और प्रमुख शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ऐतिहासिक अधिवेशनों की फोटो प्रदर्शनी और गोष्ठियों का आयोजन होगा।

विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। अब तक स्नातक चुनाव के लिए लगभग 80 हजार और शिक्षक चुनाव के लिए 32 हजार मतदाता बनाए जा चुके हैं तथा छह सीटों पर पार्टी कोऑर्डिनेटरों की घोषणा की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप