भाजपा कार्यकर्ता घर-घर देंगे योजना की जानकारी, रोजगार अवधि बढ़कर 125 दिन

कानपुर, 07 जनवरी (हि.स.)। पार्टी कार्यकर्ता घर घर सम्पर्क कर लोगों को योजना में रोजगार की अवधि को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने की जानकारी दें। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक 10 जनवरी को भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में प्रेस वार्ता करेंगे। 17 जनवरी को क्षेत्रीय कार्यालय में जिला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। 22 से 31 जनवरी के बीच जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी बुधवार को भाजपा दक्षिण अध्यक्ष शिवराम सिंह ने दी।

दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने केशव नगर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक के दाैरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन' (ग्रामीण) वीबी जी रामजी योजना के बारे में विपक्षी पार्टियों द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को जनजागरण अभियान के माध्यम से विरोधियों को बेनकाब करेगी। भाजपा पार्टी विरोधी पार्टियों द्वारा योजना को किसान एवं गरीब विरोधी झूठ को तथ्यों एवं जमीनी हकीक़त बताकर योजना का सच किसानों को बताएगी।

सम्मेलन में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, सहकारी संस्थाओं के जिला स्तरीय सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, किसान मोर्चा, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अनुसूचित मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसी तरह ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर एक से दस फरवरी तक सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों में निर्वाचित सहकारी अध्यक्ष / डायरेक्टर, ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं जिला पंचायत सदस्य, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।

11 से 28 फरवरी के बीच ग्राम पंचायत स्तर पर किसान एवं श्रमिक चौपालें लगा कर ' वीबी जीरामजी' अधिनियम के बारे में किसानों को जानकारी दी जाएगी। पार्टी ब्लॉक स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए पदयात्रा, ट्रैक्टर रैली, बैलगाड़ी रैली निकाली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप