वाराणसी में कोहरे की चादर से लिपटी सुबह,तापमान में भी गिरावट,धूप के तेवर में कमी

वाराणसी, 13 दिसबंर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी सहित पूर्वांचल के जिलों में शनिवार को कोहरे की चादर से लिपटी सुबह ने वाहनों की गति धीमी कर दी। सुबह आठ बजे तक लोग वाहनों की हेड लाइट जलाकर चलते रहे। धुंध और कोहरे के बीच सुबह स्कूल जाने के दौरान स्कूली बच्चों को भी परेशानी हुई। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही घने कोहरे का अलर्ट जारी कर दिया था। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में भी कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नही है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।

वाराणसी में इस समय न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो कि सामान्य से कम है। शनिवार को पूर्वांह दस बजे वाराणसी का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। दृष्यता दस फीसदी,आद्रता 54 फीसद और हवा की रफ्तार दो किमी प्रतिघंटा रही। वहीं, एक्यूआई डॉट इन के अनुसार 22 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इसके पहले शुक्रवार को अध‍िकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 1.3 ड‍िग्री कम रहा। न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री सेलिसयस दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 0.5 ड‍िग्री कम रहा। वातावरण में गलन की स्‍थ‍िति‍ शुक्रवार को रही। अपरान्ह बाद से ही लोगों को ठंडक का अहसास होने लगा था। बदलीनुमा धूप भी असरहीन रही।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और प्रदेश में संभावित पुरवा हवाओं में कमी आई है। वहीं, बादल भी छा सकते हैं। आगामी 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बनारस के आसपास जिलों में दो दिनों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। उधर, कोहरे के कारण सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावक चिंतित है। हालांक‍ि कोहरे में लिपटी सुबह में गंगा तट पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। घाटों पर सुबहे बनारस की आध्यात्मिक नैसर्गिक नजारा देखने के लिए घाटों पर सुबह से ही रौनक दिख रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी