जनपद में कड़ाके की ठंड जारी,विजिबिलिटी मात्र 10 मीटर, इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल बंद
- Admin Admin
- Dec 30, 2025

जौनपुर ,30 दिसंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विजिबिलिटी मात्र 10 मीटर रह गई है, जिसके चलते जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद रखने का निर्देश दिये है।सोमवार को पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए और सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। जिले का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। इंसान के साथ-साथ पशु-पक्षी भी इस भीषण ठंड से बेहाल हैं।मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 76 प्रतिशत रही, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 173 दर्ज किया गया। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।इस मामले में मंगलवार को बात करते हुए मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि तापमान में गिरावट के कारण प्रदेश के कई जिले ठंड की चपेट में हैं। उन्होंने आसमान में बादल छाए रहने और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और कमी आने की संभावना जताई।कड़ाके की ठंड के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रात में घने कोहरे के चलते बसों के साथ-साथ ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। किसानों को फसलों की सिंचाई करने और पशुओं की देख-रेख में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ठंड की गंभीरता को देखते हुए, जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कक्षा 1 से लेकर इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



