हरदोई : डीजे बंद करने पर दुल्हे के जीजा ने संचालक को मारी गोली, मौत

हरदोई, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित नेवादा विजय गांव में गुरुवार देर रात एक बारात में डीजे बंद हाेने पर विवाद हो गया, जिसमें दुल्हे के नाराज जीजा ने डीजे संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दाे आराेपिताें काे गिरफ्तार किया है। घटना के बाद बारात बिना विवाह सम्पन्न किए ही वापस लौट गई।

लखनऊ के काकोरी क्षेत्र से बारात गुरुवार रात नेवादा विजय गांव पहुंची थी। प्रशासनिक आदेश के तहत रात 11 बजे डीजे बंद कर दिया गया था। करीब 11:30 बजे तक द्वारपूजा की रस्में पूरी कर ली गईं। इसी बीच करीब 12 बजे दूल्हे का जीजा आकाश गौतम और उसका बड़ा भाई अभिषेक गौतम डीजे दोबारा चालू कराने पर संचालक पुत्तीलाल (45) से भिड़ गए। विवाद बढ़ गया और नशे में धुत्त आकाश ने डीजे संचालक के पेट में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंचे अतरौली थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि बारात में निर्धारित समय पर डीजे बंद किया गया था। इसी को लेकर दुल्हे के जीजा और उसके बड़े भाई ने दाेबारा डीजे चालू करने के जिद संचालक से करने लगा। मना करने पर आरोपितों ने फायरिंग की, जिसमें डीजे संचालक की मौत हो गई। आरोपित-आकाश और अभिषेक हरदोई जिले के बालामऊ निवासी हैं, जाे घटना के बाद वे मौके से फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में दाेनाें काे गिरफ्तार कर लिया। उनकी कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपित लखनऊ में रियल स्टेट का काम करता था।

मृतक के पुत्र अमित की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दूल्हे सहित 15 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण रहा, जिसके बाद बिना विवाह के बारात को सुरक्षा के साथ काकोरी लौटाया गया। आराेपिताें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Harsh Gautam