विश्व हिंदू महासंघ ने निराश्रित गोवंश को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए शुरु किया अभियान
- Admin Admin
- Jan 04, 2026
बलरामपुर 04 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सड़कों पर घूमते निराश्रित गोवंशाें काे दुर्घटनाओं से बचाने के लिए विश्व हिंदू महासंघ की देवीपाटन–तुलसीपुर टीम द्वारा गोवंशों की सुरक्षा को लेकर सराहनीय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत तुलसीपुर नगर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में सड़कों पर घूम रहे गोवंशों के गले में रेडियम बेल्ट पहनाई जा रही हैं।
रविवार को जिलाध्यक्ष विजय सिंह की उपस्थिति में देवीपाटन–तुलसीपुर के ब्लॉक अध्यक्ष विक्की मोदनवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ इस अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान लगभग 200 से अधिक गोवंशों को पहले प्रेमपूर्वक गुड़, चारा और पूरी खिलाई गई, जिसके बाद उनके गले में रेडियम बेल्ट पहनाई गई। रेडियम बेल्ट रात के समय चमकती हैं, जिससे दूर से ही सड़क पर मौजूद गोवंश वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से दिखाई दे जाते हैं। इससे वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। इस मानवीय प्रयास को देखकर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता जताई है।
जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि इस अभियान से न केवल गोवंशों की जान बचेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष विक्की मोदनवाल ने आमजन से अपील की कि ठंड के इस मौसम में गोवंशों का विशेष ध्यान रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सड़क पर गोवंश दिखाई देने पर वाहन धीमे चलाएं और उनके संरक्षण में सहयोग करें। अभियान में रोहित पटवा, जीवन लाल कसौधन, जय सिंह, मिथिलेश गिरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन



