कामाख्या स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन की तैयारी
- Admin Admin
- Jan 09, 2026
गुवाहाटी, 09 जनवरी (हि.स.)। भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुक्रवार को असम के कामाख्या स्टेशन पर पहुंची। आगामी 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
16 कोचों वाली इस रेक में कुल 823 यात्रियों की क्षमता है। इसमें 11 एसी थ्री-टियर कोच, 4 एसी टू-टियर कोच और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। यह ट्रेन अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने में सक्षम है।
इसमे दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आधुनिक शौचालय, उन्नत स्वच्छता एवं कीटाणुनाशक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों को और सुदृढ़ किया गया है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि इस सेवा के शुरू होने से असम और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही असम के कामाख्या स्टेशन और बंगाईगांव तथा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, हुगली और हावड़ा जैसे क्षेत्रों में क्षेत्रीय गतिशीलता, व्यापार और पर्यटन के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर



