उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चालक समेत छह घायल पहले 15 दिनों में साढ़े 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 18, 2026
जम्मू, 18 जुलाई: अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी शनिवार सुबह उधमपुर के जखानी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालुओं और वाहन चालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उधमपुर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस बीच, पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। शनिवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कड़ी सुरक्षा के बीच 4,640 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था बालटाल और पहलगाम मार्गों के लिए रवाना हुआ।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम स्थित नुनवान बेस कैंप का दौरा कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने के पहले 15 दिनों में 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं

