हिमाचल कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, विनय कुमार ने संभाला प्रदेश अध्यक्ष का पदभार
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
शिमला, 30 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल गया है। विनय कुमार ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित समारोह में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व एचपीसीसी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने विनय कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विनय कुमार तीन बार के विधायक हैं और कांग्रेस की विचारधारा से गहराई से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने कहा कि विनय कुमार अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और युवा नेतृत्व का चयन पार्टी के अंदर सकारात्मक संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ेगी और आने वाले समय में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं के जोश व होश से संगठन को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि विनय कुमार को सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करेंगे और संगठन में सभी वर्गों के कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी जल्द की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नए अध्यक्ष के साथ कांग्रेस के एक नए दौर की शुरुआत हो रही है। संगठन में शीघ्र पुनर्गठन किया जाएगा और कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार होगा। उन्होंने कहा कि विनय कुमार रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से आते हैं जिसने प्रदेश को पहला मुख्यमंत्री दिया था और पार्टी ने लंबे मंथन के बाद सही व्यक्ति का चयन किया है।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि एचपीसीसी अध्यक्ष का पद बेहद महत्वपूर्ण है और नए अध्यक्ष को संगठन की मजबूती के लिए पूरी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन पुनर्गठन में देरी उनके कारण नहीं हुई बल्कि आलाकमान के निर्णय में समय लगा। उन्होंने कहा कि वे पुनर्गठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान देने की मांग उठाएंगी और सरकार व संगठन में बेहतर तालमेल की उम्मीद करती हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि आलाकमान ने जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकारिणी गठन उनकी प्राथमिकता होगी और वे सरकार व संगठन के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि विनय कुमार सिरमौर जिले की श्री रेणुका जी विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। उनके पिता प्रेम कुमार भी इसी सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। प्रतिभा सिंह की जगह प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए विनय कुमार अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और लगभग 20 वर्ष बाद किसी अनुसूचित जाति नेता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वर्ष 2004 में कुलदीप कुमार इस पद पर थे। पार्टी नेताओं के अनुसार विनय कुमार की नियुक्ति आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि संगठन को नई दिशा और मजबूती दी जा सके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नए अध्यक्ष को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में संगठन मजबूत होकर नए मुकाम हासिल करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



