व्यापारियों के सम्मान की लड़ाई लड़ रहा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल : पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा

फूल मालाओं से लादकर नवनिर्वाचित मंडल पदाधिकारियों को दी गई बधाई

चित्रकूट, 27 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल चित्रकूट जिला इकाई की ओर से स्टेशन रोड स्थित कार्यालय में शनिवार को आयोजित समारोह में संगठन के नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष सुरेश प्रसाद मिश्रा और मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल का फूलमालाओं पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा संगठन को ब्लॉक, तहसील और कस्बा स्तर पर मजबूत करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे पूर्व सांसद एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भैरो प्रसाद मिश्रा ने संगठन के नवनिर्वाचित मंडल पदाधिकारियों को बधाई दी।

उन्हाेंने कहा कि पंडित श्याम बिहारी मिश्र द्वारा स्थापित व्यापार मंडल देश और प्रदेश के व्यापारियों के हित में कार्य करने एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला एक मात्र प्रमुख संगठन है। संगठन के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा भी शासन सत्ता से व्यापारियों के मान और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। व्यापार मंडल के संघर्षों के दम पर ही उत्तर प्रदेश से इंस्पेक्टर राज का खत्मा हुआ है। उन्होंने नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष सुरेश प्रसाद मिश्रा और मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल से संगठन और व्यापारी हित में कार्य करने का आह्वान किया।

इस मौके पर व्यापार मंडल चित्रकूट के जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के हित में कार्य करने की वजह से पूरे देश में व्यापार मंडल की अलग ही पहचान है। आज प्रदेश में व्यापारियों को जो सम्मान मिल रहा है वह व्यापार मंडल की देन है।आज किसी भी व्यापारी का शोषण और उत्पीड़न करने की किसी की हिम्मत नहीं है। इसके अलावा नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष सुरेश प्रसाद मिश्रा और मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि मंडल और जिला की कमेटी मिलकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेगी। समय समय पर टीम बना कर क्षेत्र का भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याएं जानने के साथ साथ उन्हें संगठन से जोड़ने का काम किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गुलाब गुप्ता ने किया। इस मौके पर प्रदेश मंत्री ओम केसरवानी, जिला महामंत्री सुनील द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष दिलीप केशरवानी, जिला उपाध्यक्ष रामबाबू गुप्ता, जिला मंत्री शैलेंद्र केसरी, जिला मंत्री ऋषि आर्य, किराना संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, मनोज वर्मा एवं जिला पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल आदि दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल