पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्यों ने की युवा सेवा संघ के तुलसी पूजन दिवस अभियान की सराहना
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
कोलकाता, 26 दिसंबर (हि.स.)। युवा सेवा संघ, कोलकाता की ओर से संपूर्ण पश्चिम बंगाल में आयोजित तुलसी पूजन दिवस अभियान को राज्य विधानसभा के कई सदस्यों ने सराहना प्रदान की है। विधायक अजय कुमार पोद्दार, अरूप कुमार दास और चन्दना बाउरी ने इस अभियान को भारतीय सनातन संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
विधायकों ने अपने-अपने लिखित प्रशंसा संदेशों में कहा कि तुलसी पूजन दिवस केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, सामाजिक चेतना और जीवन मूल्यों को जागृत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब पर्यावरण असंतुलन और नैतिक गिरावट जैसी गंभीर चुनौतियां समाज के सामने हैं, ऐसे अभियान लोगों को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
विधायकों ने विशेष रूप से इस अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि युवा सेवा संघ की ओर से युवाओं को इस पहल से जोड़ना सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश मिलता है।
अपने संदेशों में विधायकों ने युवा सेवा संघ, कोलकाता से जुड़े सेवाधारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले अभियानों का निरंतर आयोजन किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर संस्था के सचिव आशुतोष झा ने कहा कि राज्य विधानसभा के सदस्यों की ओर से मिली सराहना सेवा कार्यों को और अधिक प्रतिबद्धता एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि तुलसी पूजन दिवस का यह अभियान प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और इसके अलावा भी वर्ष भर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहते हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



