कोलकाता, 19 जनवरी (हि.स.)। मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने के आसार हैं। सोमवार सुबह जारी स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 6:30 बजे तक शहर में किसी भी प्रकार की वर्षा दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 93 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी बुधवार तक न्यूनतम तापमान में लगभग तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। विभाग का कहना है कि 23 जनवरी, सरस्वती पूजा से ही दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास होने लगेगा। वहीं, 26 जनवरी के बाद रात और तड़के सुबह ठंड का प्रभाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
हालांकि, फिलहाल दक्षिण बंगाल के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और पश्चिम बर्धमान जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, हुगली तथा उत्तर 24 परगना जिलों में सुबह के समय छिटपुट रूप से घना कोहरा छाने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भी दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में बुधवार तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कम दृश्यता के कारण आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, माघ महीने में मौसम के इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसके प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव और कोहरे की स्थिति बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



