किश्तवाड़ के लिए मौसम अलर्ट जारी, 14 जुलाई तक नदियों-नालों से दूर रहने की अपील

किश्तवाड़, 11 जुलाई: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताज़ा मौसम चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन किश्तवाड़ ने 14 जुलाई 2026 तक के लिए मौसम एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदियों, नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

 
प्रशासन के अनुसार, इस अवधि के दौरान जिले के ऊंचाई वाले और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने तथा तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। लोगों, विशेषकर नदियों, झरनों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वालों को अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम सामान्य होने तक सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
 
उपायुक्त किश्तवाड़ ने राजस्व, लोक निर्माण विभाग (आर एंड बी), मैकेनिकल इंजीनियरिंग, पीएमजीएसवाई, जेपीडीसीएल, जल शक्ति, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, एनएचआईडीसीएल तथा सीमा सड़क संगठन (BRO) सहित सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं आवश्यक सेवाओं की बहाली सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
 
सभी तहसीलदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि मौसम से जुड़ी किसी भी घटना, जैसे जनहानि, संपत्ति को नुकसान, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य आपदा की सूचना तुरंत उपायुक्त कार्यालय को दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
 
आपात स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष (District Control Room) को 24 घंटे के लिए सक्रिय कर दिया गया है। सहायता के लिए नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष 9484217492 / 01995-259555, पुलिस कंट्रोल रूम 9906154100 या 112 (ERSS) पर संपर्क कर सकते हैं।
 
जिला प्रशासन ने लोगों से आधिकारिक मौसम बुलेटिन पर नज़र रखने, प्रशासन का सहयोग करने तथा मौसम सामान्य होने तक बाढ़ संभावित क्षेत्रों, नदी किनारों और भूस्खलन प्रभावित स्थानों की यात्रा से बचने की अपील की है।