कोलकाता समेत पूरे बंगाल में ठंड का कहर, तापमान 12 डिग्री के नीचे

कोलकाता, 27 दिसंबर (हि.स.)। राज्य में ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाया है। क्रिसमस के बाद अब ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया था। यानी एक ही दिन में ठंड ने नया रिकॉर्ड बना दिया।

सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल में ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के हटते ही उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं बिना रुकावट राज्य में प्रवेश कर रही हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि पहाड़ी इलाकों के मुकाबले मैदानी क्षेत्र भी ज्यादा ठंडे हो गए। शुक्रवार को बीरभूम जिले के श्रीनिकेतन का तापमान गिरकर आठ डिग्री दर्ज किया गया, जिससे उसने कलिम्पोंग को भी पीछे छोड़ दिया।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अलीपुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान भी सिर्फ 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम था। इसी वजह से पूरे दिन ठंड का एहसास बना रहा। दमदम में न्यूनतम तापमान अलीपुर से भी कम, 12.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्की से मध्यम कोहरे की स्थिति कुछ इलाकों में बनी रह सकती है। अगले दो दिनों में रात के तापमान में एक से दो डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

उत्तर बंगाल में अगले सात दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। ठंड के मामले में दार्जिलिंग सबसे आगे है, जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अलीपुरद्वार और बीरभूम के श्रीनिकेतन में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान रहा, जहां तापमान आठ डिग्री रहा।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण बंगाल के जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहने के कारण दृश्यता 999 मीटर से घटकर 200 मीटर तक हो सकती है। उत्तर बंगाल में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चेतावनी दी गई है।

कूचबिहार में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार शाम को घने कोहरे के कारण वहां दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई थी। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों तक कूचबिहार में तीव्र ठंड की स्थिति बनी रहेगी। इस जिले के लिए ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी की गई है।

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 31 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से नए साल की शुरुआत में तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, हालांकि इसमें कितनी बढ़ोतरी होगी, यह अभी साफ नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर