यमुनानगर में बैरंग लौटी बारात, बिरादरी विवाद व लड़की की असहमति से विवाह रद्द

यमुनानगर, 16 जनवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले के गांव लापरा में उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब शुक्रवार को पंजाब से आई बारात के दूल्हें ने माैके पर शादी से इनकार कर दिया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष पुलिस थाने पहुंच गए, जहां पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, विवाह की सभी औपचारिक तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत में जुटा था। इसी दौरान दूल्हे ने यह कहते हुए विवाह से मना कर दिया कि उससे दुल्हन की बिरादरी को लेकर सही तथ्य साझा नहीं किए गए।

दूल्हे का आरोप है कि उसे गलत जानकारी देकर रिश्ता तय कराया गया, जबकि वह इस बिरादरी में विवाह के लिए तैयार नहीं था। घटना के बाद दूल्हा बारातियों के साथ सीधे पुलिस थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके कुछ समय बाद दुल्हन पक्ष भी थाने पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत चली, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि लड़की ने पहले ही इस विवाह को लेकर आपत्ति जताई थी और शादी से कुछ दिन पहले ही इनकार कर दिया था। इस संबंध में पुलिस को पूर्व में शिकायत भी प्राप्त हुई थी। पुलिस के अनुसार, लड़की की स्पष्ट सहमति न होने के कारण उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि यह रिश्ता एक मध्यस्थ के माध्यम से तय हुआ था, जिसने बिरादरी से जुड़ी सही जानकारी नहीं दी। फिलहाल दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले में कानून के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी और किसी भी पक्ष पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार