अपडेट....पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष का शव मिलने से सनसनी, हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
बांकुड़ा, 29 नवंबर (हि.स.)। बांकुड़ा के मिल मोड इलाके में एक आलू के खेत से शनिवार को एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। घटनास्थल से खून से सने हथियार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत युवक का नाम सुमन मंडल है। वह बांकुड़ा के इंदस इलाके का रहने वाला था और एक निजी बैंक में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सुमन 2021 से 2023 तक इंदस मंडल 4 में भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात सुमन ओंदा से बाइक पर घर लौट रहे थे। आरोप है कि उनकी प्रेमिका का पति रामप्रसाद राय, अपने तीन साथियों के साथ पहले से ही घात लगाए बैठा था। जैसे ही सुमन मिल मोड़ के पास पहुंचे, उन पर हमला कर दिया गया। जान बचाने के लिए सुमन बाइक छोड़कर अलू के खेत की ओर भागे, लेकिन कुछ दूरी पर ही उन पर पीछे से चाकू से वार किया गया। इसके बाद उन पर कई बार धारदार हथियारों से हमला किया गया। ठंडी रात होने के कारण किसी को भी घटना का पता नहीं चला।
सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में खून देखकर पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से सुमन का हेलमेट, बैग और अन्य सामान भी बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विवाहेतर संबंध इस हत्या की मुख्य वजह है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार सुमन का पड़ोस की गांव की एक विवाहित महिला से संबंध था। जब यह बात सामने आई, तो महिला के पति रामप्रसाद ने सुमन को कई बार चेतावनी दी थी। आरोप है कि चेतावनी के बावजूद सुमन संबंध खत्म करने को तैयार नहीं थे। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से यह नृशंस हत्या की योजना बनाई गई।
स्थानीय निवासी जाकिर शेख ने कहा, “सुबह बाजार जाते समय आलू के खेत में खून देखा। पास जाकर समझ आया कि बहुत बड़ा हादसा हुआ है। शरीर कांप गया।”
एक अन्य निवासी शेख आज़िज़ुल बोले, “हम सुमन को जानते थे। वह बहुत सरल स्वभाव का लड़का था।”
वहीं आयनुल मंडल ने कहा, “रात में थोड़ी आवाज सुनी थी, पर सोचा नहीं था कि इतनी भयानक घटना होगी। पूरा इलाका दहशत में है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



