50 लाख का विवाद : छिनी बराड़ की प्रधानी, धंजल नए "आप' प्रधान

भास्कर न्यूज | अमृतसर आम आदमी पार्टी ने चुनाव से ठीक पहले जिला प्रधान और लोकसभा इंचार्ज की छुट्टी कर दी है। जिला प्रधान प्रभबीर बराड़ की जगह सरबजोत सिंह धंजल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि जसकरण सिंह बंदेशा की जगह जरनैल सिंह ढोट को अमृतसर लोकसभा इंचार्ज बनाया गया है। गौरतलब है पार्टी के ही नेता रविंदर सिंह डाबर ने चेयरमैनी दिलाने के बदले में 50 लाख रुपए लिए जाने के आरोप पार्टी नेताओं पर लगाए थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि पैसे लेकर उन्हें चेयरमैनी नहीं दी गई और न ही पैसे वापस किए गए। बराड़ प्रधान होने के नाते इस विवाद के केंद्र बिंदु रहे, मगर अब पार्टी ने उन्हें प्रधान पद से हटा दिया है। दूसरी ओर धंजल वर्ष 2013 से आप जुड़े हैं। पार्टी के संस्थापक सदस्य भी हैं। वर्ष 2016 और 2017 में भी जिला प्रधान रह चुके हैं। वर्ष 2017 में अमृतसर पूर्वी विधानसभा हलके से उम्मीदवार थे। वर्ष 2018 में पंजाब महासचिव की जिम्मेदारी भी निभाई। पंजाब सीवरेज बोर्ड के डायरेक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं।