अमृतसर सेंट्रल जेल के ट्रांजिट कैंप से 9 बांग्लादेशी रिहा:कानूनी औपचारिकता के बाद स्वदेश वापसी; 30 घंटे बाद सीमा पर पहुंचेंगे
- Neha Gupta
- Jun 11, 2026
अमृतसर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कल्याणकारी पहल के तहत 2 महिलाओं सहित 9 बांग्लादेशी नागरिकों, की स्वदेश वापसी सुनिश्चित की है। ये सभी नागरिक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद केंद्रीय जेल, अमृतसर के ट्रांजिट कैंप में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, सभी 9 बांग्लादेशी नागरिकों को 11 जून से उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार उन्हें सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं के साथ रवाना किया गया। लगभग 30 घंटे की रेल यात्रा के बाद वे बांग्लादेश सीमा पर पहुंचेंगे, जहां उन्हें उनके देश के संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमृतसर, जतिंदर कौर के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संपन्न हुई। वहीं, डीएलएसए अमृतसर के सचिव अमरदीप सिंह बैंस ने संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। जरूरतमंदों को न्याय दिलाने का संकल्प जारी अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से अपने परिवारों से दूर रह रहे इन नागरिकों के लिए यह वापसी एक नई उम्मीद लेकर आई है। संयुक्त प्रयासों के कारण उनका अपने परिजनों से पुनर्मिलन संभव हो सकेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद व्यक्तियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इसी प्रकार कार्य जारी रखा जाएगा।

