भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना राजासांसी के अधीन आते क्षेत्र में एक आढ़ती से लाखों रुपए की रंगदारी मांगने और रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। थाना राजासांसी पुलिस ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के आरोप में प्रभ दासूवाल नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में शिवा एन्क्लेव, राजासांसी निवासी प्रकाश ने बताया कि वह कुकड़ांवाला दाना मंडी में आढ़त का काम करता है। गत 17 मई की शाम करीब 6 बजे वह रोजाना की तरह मंडी स्थित अपनी आढ़त पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई। शिकायतकर्ता के अनुसार, कॉल करने वाले युवक ने खुद को प्रभ दासूवाल बताया। उसने आढ़ती को सीधे शब्दों में धमकी दी कि अगर उसने जल्द ही 50 लाख रुपए का इंतजाम नहीं किया, तो उसका बहुत बड़ा नुकसान कर दिया जाएगा। थाना राजासांसी के जांच अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित आढ़ती प्रकाश की शिकायत के आधार पर आरोपी प्रभ दासूवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड को गहराई से खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

