घर में अकेली युवती को धमकाया, 500 ग्राम सोना 2 लाख कैश ले गया युवक

अमृतसर | छेहर्टा के संधू कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर की बेटी को धमकाकर युवक घर से 500 ग्राम सोना और 2 लाख रुपए कैश ले गया। शिकायतकर्ता दविंदर सिंह (51) निवासी 15-ए संधू कॉलोनी, छेहर्टा ने पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। बीते 21 मई 2026 को अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर बेटी गुरप्रीत कौर बिल्कुल अकेली थी। इसी दौरान उनका परिचित आरोपी करनबीर सिंह ढिल्लों उनके घर दाखिल हुआ। आरोप है कि करनबीर ने घर में घुसते ही गुरप्रीत कौर को धमकाया। उसने धमकी दी कि अगर घर में रखे गहने और नकदी नहीं दी तो उसके भाई और पिता को जान से मार देगा। डर के मारे बेटी ने अलमारी से 500 ग्राम सोने के गहने और 2 लाख रुपए दे दिए। थाना छेहर्टा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।