अमृतसर| थाना घरिंडा पुलिस ने साढ़े 3 किलो हेरोइन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हेरोइन की खेप पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। एसएसपी देहाती कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि थाना घरिंडा पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी गांव मुहावा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से साढ़े 3 किलो हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह खेप पाकिस्तान से मंगवाई थी। पुलिस ने ड्रग तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने शुरू कर दिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप किस रास्ते से पंजाब पहुंची और इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।

