अकाल तख्त ने CM मान के स्पष्टीकरण का समय बदला:अब 15 जनवरी को सुबह 10 की बजाय शाम 4:30 बजे होंगे पेश

श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के आदेशानुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के समय में बदलाव किया गया है। यह स्पष्टीकरण 15 जनवरी 2025 को श्री अकाल तख़्त साहिब के सचिवालय में दिया जाना है। पहले यह समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह द्वारा उस दिन पहले से तय सरकारी और प्रशासनिक व्यस्तताओं की जानकारी दिए जाने के बाद समय में संशोधन किया गया है। नए आदेशों के अनुसार अब मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह 15 जनवरी को सायं 4 बजकर 30 मिनट पर श्री अकाल तख़्त साहिब के सचिवालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करेंगे। अकाल तख़्त साहिब सिख कौम की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है, और इससे जुड़ी किसी भी प्रक्रिया को अत्यंत गंभीरता और मर्यादा के साथ देखा जाता है। ऐसे में समय में किए गए इस बदलाव को प्रशासनिक समन्वय और आपसी सम्मान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान अकाल तख़्त साहिब के अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पूरे घटनाक्रम पर सिख संगठनों और संगत की निगाहें टिकी हुई हैं। अब 15 जनवरी की शाम को होने वाली इस पेशी के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।