रमदास पीएचसी में हाजिरी और लीव रिकॉर्ड पर सवाल, रेडियोग्राफर ने एसएमओ को भेजी शिकायत

भास्कर न्यूज | अमृतसर| सीमावर्ती बाबा बुड्ढा साहिब पीएचसी, रामदास में कर्मचारियों की उपस्थिति, छुट्टियों के रिकॉर्ड और फील्ड ड्यूटी के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में तैनात रेडियोग्राफर गुरअमरपाल सिंह ने सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) को लिखित शिकायत भेजकर हाजिरी रजिस्टर और लीव पोर्टल में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की है। मंगलवार को भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में कर्मचारियों की उपस्थिति और छुट्टियों से संबंधित रिकॉर्ड का रखरखाव निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा। शिकायत सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया है। शिकायतकर्ता गुरअमरपाल सिंह ने शिकायत में दावा किया है कि अस्पताल में करीब 40 कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन शनिवार के दिन अकसर केवल 4 से 5 कर्मचारी ही अस्पताल में मौजूद दिखाई देते हैं। शिकायत के अनुसार, बड़ी संख्या में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। रेडियोग्राफर ने अपनी शिकायत में कहा कि कर्मचारियों की कैजुअल लीव (सीएल) और अन्य छुट्टियों को लीव पोर्टल पर समय पर अपडेट नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि रिकॉर्ड अपडेट करने में देरी के कारण वास्तविक स्थिति और दर्ज रिकॉर्ड के बीच अंतर पैदा होने की संभावना रहती है। उन्होंने मांग की है कि पिछले कुछ महीनों के लीव रिकॉर्ड, ड्यूटी रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल की एंट्रियों का मिलान कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। गुरअमरपाल सिंह ने फील्ड स्टाफ की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कुछ मामलों में हाजिरी रजिस्टर में टी (टूर) दर्ज किया जाता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे मामलों की भी जांच होनी चाहिए। कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. राजिंदरपाल कौर ने कहा कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए जाते हैं तो पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरा मामला एक कर्मचारी की लिखित शिकायत पर आधारित है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं। रमदास सीएचसी के एसएमओ डॉ. नोबल भाटिया ने कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। प्रारंभिक तौर पर स्टाफ नियमित रूप से ड्यूटी पर आ रहा है और सभी कर्मचारियों को अपने दायित्व निभाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और कुछ कर्मचारियों के बीच आपसी मनमुटाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। डॉ. भाटिया ने कहा कि इसके बावजूद शिकायत के सभी बिंदुओं की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।