बलकलां इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने सीवरेज ब्लॉकेज-खस्ताहाल सड़कों पर जताई चिंता
- Neha Gupta
- Jun 12, 2026
भास्कर न्यूज |अमृतसर स्थानीय मजीठा रोड स्थित जगदम्बे इंडस्ट्रियल एस्टेट के एमोर केमिकल्स में बलकलां इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में सीवरेज ब्लॉकेज और बुनियादी ढांचे की कमी पर चिंता व्यक्त की गई। एसोसिएशन के प्रधान संदीप खोसला ने कहा कि सिल्ट जमने के कारण सीवर लाइनें पूरी तरह ब्लॉक हो चुकी हैं, जिससे पानी भरने की समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है। इसके अलावा सड़कें टूट चुकी हैं। समस्याओं का जल्द हल किया जाए। बैठक में मुख्य रूप से ट्रेडर्स कमीशन के उप चेयरमैन अभिषेक बंसल, ट्रेड कमीशन के चेयरमैन कपिल चड्ढा और अटारी के डीएसपी यादविंदर सिंह ने विशेष तौर पर भाग लिया। बलकलां इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान संदीप खोसला ने कहा रामबाग के अलावा शहर के कई बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। नगर निगम को बलकलां इंडस्ट्रियल एरिया के लिए अलग से फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित करना चाहिए। वहीं ट्रेडर्स कमीशन के उप चेयरमैन अभिषेक बंसल ने आश्वस्त किया कि सभी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

