भास्कर न्यूज | अमृतसर दुर्ग्याणा तीर्थ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में वीरवार को ‘परम एकादशी' का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंडितों ने मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर के तीनों दरबारों के सभी विग्रहों को श्रद्धालुओं द्वारा लाए गए दूध से स्नान करवाया। इसके उपरांत भगवान शालिग्राम जी का दूध, दही, शहद, गंगाजल और देसी घी से विधि-विधान के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया। सुबह के समय हुए इस दिव्य स्नान और आरती के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पुजारियों ने प्रभु का चरणामृत भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया। इस दौरान पुजारी ओम प्रकाश ने संगत को परम एकादशी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो भी साधक इस व्रत को विधिपूर्वक करता है, उसे जीवन के सभी सुख और भगवान विष्णु की असीम कृपा प्राप्त होती है। इस दिन भगवान शालिग्राम की विशेष साधना व अभिषेक करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

