अमृतसर| दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित ‘समर उत्सव’ के दूसरे दिन 6 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम करवाया गया। इसका उद्देश्य मनोरंजक खेलों, प्रेरक कहानियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने का एक आनंदमय अनुभव प्रदान करना था, ताकि वे खेल-खेल में जीवन के महत्वपूर्ण संस्कारों को आत्मसात कर सकें। साध्वी राजविंदर भारती ने विभिन्न फन गेम्स और टीम एक्टिविटीज के जरिए बच्चों को सत्य बोलने, स्वच्छता रखने, जरूरतमंदों की मदद करने और बड़ों का सम्मान करने के बारे में समझाया। इसके अलावा बच्चों को नियमित प्रार्थना, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक सोच जैसी अच्छी आदतों के महत्व से भी परिचित कराया गया। इस दौरान ‘पतंग और डोरी' की कहानी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। इस कहानी के माध्यम से बच्चों को समझाया गया कि जिस तरह डोरी पतंग को बांधती नहीं, बल्कि आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाती है, ठीक उसी तरह माता-पिता का अनुशासन और मार्गदर्शन बच्चों को जीवन में सफल बनाता है।

