छुट्टियों में रोजाना जपजी साहिब पाठ का बच्चों ने लिया संकल्प

भास्कर न्यूज | अमृतसर बीबी कौला जी भलाई केंद्र में श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का गुरआई दिवस श्रद्धा से मनाया गया। भलाई केंद्र में सिख पंथ के प्रसिद्ध रागी व ट्रस्ट के प्रमुख सेवादार भाई गुरइकबाल सिंह की अगुवाई में आयोजित गुरमत समागम की शुरुआत संगत के साथ श्री जपजी साहिब के पाठ, श्री चौपाई साहिब से की गई। प्रसिद्ध रागी भाई हरविंदरपाल सिंह लिटिल व भाई गुरइकबाल सिंह ने ईलाही बाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। भाई गुरइकबाल सिंह ने संगत को छठे गुरु हरगोबिंद साहिब के इतिहास व जीवन से अवगत करवाया। इस मौके पर भाई गुरइकबाल सिंह ने स्कूली बच्चों को गर्मी की छुट्टियों के चलते गुरबानी से जोड़ने की कोशिश की। बच्चों ने भी भाई गुरइकबाल सिंह से प्रेरित होकर छुट्टियों में रोजाना श्री जपजी साहिब का पाठ करने और गुरुद्वारा साहिब जाकर नाम सिमरन करने वे सेवा करने का संकल्प लिया।