कोका-कोला डिपो के ड्राइवर ट्रकों से रास्ते में ही उतारते थे पेटियां, दो पकड़े
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर वल्ला क्षेत्र स्थित कोका-कोला डिपो में कंपनी के ही ड्राइवरों द्वारा लाखों रुपए का माल चोरी करने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पिछले करीब डेढ़ से तीन साल से कंपनी में काम कर रहे थे और प्रबंधन के बेहद भरोसेमंद थे। कंपनी को पिछले कुछ दिनों से स्टॉक चेकिंग के दौरान माल कम मिलने की शिकायत आ रही थी, जिसके बाद बिछाए गए जाल में दोनों आरोपी फंस गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया। कंपनी के प्रतिनिधि विक्रम खजूरिया के मुताबिक, डिपो से जब भी माल (सप्लाई) भेजा जाता था, तो मिलान करने पर स्टॉक हमेशा कम निकलता था। शक होने पर कंपनी ने जब गहराई से जांच शुरू की, तो रविवार को छुट्टी वाले दिन एक ड्राइवर संदिग्ध हालत में काबू आ गया। उसने पूछताछ में कबूला कि डिपो में बल्क (भारी मात्रा) का काम होने के कारण वे सोचते थे कि चोरी कभी पकड़ी नहीं जाएगी। वे रास्ते में ही ट्रकों से कोका-कोला की पेटियां उतार लेते थे। इस खेल में उनके साथ एक अन्य ड्राइवर भी शामिल था, जो अपनी निजी कार में चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए मेहता चौक पहुंचा हुआ था। कंपनी का अनुमान है कि आरोपियों ने अब तक 8 से 10 बार में करीब 8 से 10 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ किया है। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सुच्चा सिंह ने बताया कि मनोहर शर्मा की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपी ड्राइवरों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की उम्र करीब 35 वर्ष और 60-65 वर्ष के बीच है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पेटियां भी बरामद कर ली हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले एक-डेढ़ महीने से इस चोरी को लगातार अंजाम दे रहे थे। इस मामले में ‘लाली' नाम के एक तीसरे आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, डिपो से सटी एक अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनी में कुछ दिन पहले हुई कपड़े की गांठों की चोरी में भी पुलिस इन आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।

